राज्य ब्यूरो, अहमदाबाद। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने अहमदाबाद में साबरमती रिवरफ्रंट पर अंतरराष्ट्रीय पतंग महोत्सव का उद्घाटन किया। मोदी के साथ उत्सव में मर्ज ने भी पतंग उड़ाई और गुजरात व भारत की पुरातन कला एवं संस्कृति को करीब से देखकर अभिभूत हो गए। पतंग महोत्सव में भारत समेत दुनिया के 50 देशों के पतंगबाज हिस्सा ले रहे हैं।
दो दिवसीय भारत यात्रा पर आए जर्मन चांसलर मर्ज प्रधानमंत्री मोदी के साथ रिवरफ्रंट पर पहुंचे जहां देश-विदेश के पतंगबाजों ने रंगबिरंगी पतंगों से उनका स्वागत किया। दोनों नेता खुली जीप में घूमकर पतंगबाजों से मिले और साथ में पतंगबाजी का आनंद लिया।