logo

सुमेरपुर हमीरपुर। कस्बे में गत 15 जनवरी को हुए लवजिहाद, गैंगरेप, धर्मांतरण के दबाव की घटना के बाद शनिवार को प्रशासन बड़ी कार्रवाई के लिए कस्बे में एकत्र होकर रणनीति बनाने में मशगूल रहा। इसकी चर्चा पूरे दिन कस्बे में होती रही। लोगों की निगाहें प्रशासन के द्वारा होने वाली कार्रवाई की ओर टिक गई है। फिलहाल अधिकारियों ने कुछ भी बताने से इनकार करते हुए कहा कि इंतजार करिए बड़ी कार्रवाई होगी।
कस्बे के अबान उर्फ अफान खान ने एक हिंदू किशोरी को प्रेमजाल में फंसाकर अश्लील वीडियो बनाकर धर्मांतरण का दबाव बनाया था। किशोरी के मना करने पर गत 14 जनवरी को आरोपी ने किशोरी के अश्लील वीडियो सोशल मीडिया में वायरल कर दिये थे। इससे कस्बे का माहौल बिगड़ गया था और 15 जनवरी को सुबह हिंदूवादी संगठनों ने बाजार बंद कराकर हाईवे जाम करके हंगामा करते हुए कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने पीड़ित किशोरी के पिता की तहरीर पर अबान उर्फ अफान खान, उसके पिता मौलाना खान को नामजद करके गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करके उसी दिन शाम को मुख्य आरोपी को पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किया था। पीड़िता ने अदालत में पिता पुत्र के अलावा दो और नाम लिए थे जिनको पुलिस ने मुकदमे में आरोपी बनाया है। कुल चार अभियुक्त बनाए गए हैं। पिता पुत्र के साथ एक बाल अपचारी को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। चौथा आरोपी पुलिस से दूर है।
अब प्रशासन आरोपियों के खिलाफ कोई बड़ी कार्रवाई करना चाहता है। इसके लिए शनिवार को एसडीएम सदर केडी शर्मा, सीओ सदर राजेश कमल थाने पहुंचे और एनएचआई की टीम के अलावा कस्बे के लेखपाल आदि से घंटो गुफ्तगू की। इसकी भनक कस्बावासियों को लग गई और कस्बे में पूरे दिन चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। दोपहर बाद एसडीएम सदर मुख्यालय वापस हो गए लेकिन अन्य टीम कस्बे में ही मौजूद रही। प्रशासन क्या कार्रवाई करना चाहता है यह किसी ने स्पष्ट नहीं किया। केवल इतना कहा इंतजार करिए आरोपियों के साथ बड़ी कार्रवाई होगी। लोगों की निगाहें प्रशासन की कार्रवाई की तरफ लग गई हैं।
 

Top